मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन्वेस्टर्स मीट में विभिन्न राज्यों से आए उद्यमियों को दिलाया भरोसा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन्वेस्टर्स मीट में विभिन्न राज्यों से आए उद्यमियों को भरोसा दिलाया है कि वह निर्भीक होकर बिहार में उद्योग लगाएं। यहां किसी तरह की कोई कठिनाई नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्यमियों को किसी ने भी तंग किया या छेड़ा तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। सख्त कार्रवाई होगी। बिहार में सभी काम बहुत अच्छे ढंग से हो रहे हैं। अगर, यहां उद्योग बढ़ेगा तो और अच्छा रहेगा।सीएम नीतीश ने गुरुवार को पटना में बिहार इन्वेस्टर्स मीट-2022 का शुभारंभ किया। इस मौके पर अडानी ग्रुप, माइक्रोमैक्स, मोंटे कार्लो, समेत देश की कई नामचीन कंपनियों के एमडी पहुंचे । कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निवेशकों से कहा कि हमने सभी जिलों के डीएम और एसपी को कह दिया है कि वे आप लोगों के संपर्क में रहेंगे। आप लोगों को कोई भी समस्या हो तो तुरंत डीएम-एसपी को बताएं। कोई भी आपको तंग करेगा तो ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी। विधि-व्यवस्था को यहां बेहतर बनाया गया है। बड़ी संख्या में पुलिस की बहाली भी की गई है। कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कई सुविधाएं दी जा रहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कई प्रकार की सुविधाएं दी जा रही हैं। वस्त्र एवं चमड़ा उद्योग को बढ़ावा दिया गया है।

