चांदी ले कर आया मीराबाई चानू को दिल्ली एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया
भारत को टोक्यो ओलिंपिक में पहला मेडल दिलाने वाली मीराबाई चानू टोक्यो से भारत लौट आई हैं। मीरा का सिल्वर मेडल इस बार के ओलिंपिक में अब तक भारत का इकलौता मेडल रहा है। वे ओलिंपिक के पहले दिन मेडल जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट भी हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर मीराबाई का जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट स्टाफ ने भारत माता की जय के नारे लगाए। साथ ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
दिल्ली पहुंचने के बाद मीराबाई ने कहा- तैयारियों के लिए US जाना मेरे लिए फायदेमंद साबित हुआ। इससे मेरी ओलिंपिक की तैयारियों में मदद मिली। एक समय था जब कोरोना की वजह से अमेरिका के लिए सभी फ्लाइटें बंद हो गई थीं। पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरी मदद की। इस तरह मैं अमेरिका पहुंच पाई। US में मुझे हर तरह की सुविधाएं मिली। टारगेट ओलिंपिक पोडियम स्कीम से भी मुझे काफी मदद मिली।
इससे पहले मीरा ने टोक्यो एयरपोर्ट से लौटते वक्त की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की थी। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा- घर के लिए रवाना हो रही हूं। मेरी जिंदगी के खास यादगार लम्हों के लिए थैंक यू टोक्यो। चानू के इस ट्वीट को 10 घंटे के अंदर करीब लाखों लाइक्स और 5 हजार से ज्यादा री-ट्वीट मिले।

