फुटबॉल के बेताज बादशाह पेले का 82 वर्ष की उम्र में निधन
ब्राजील के महान फुटबाल खिलाड़ी पेले का गुरुवार को 82 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। गुरुवार को उन्होंने साओ पोलो के एंस्टेन अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनके निधन पर दुनिया भर के फुटबाल प्रेमियों में दुख पसर गया है और लोग उन्हें सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
पेले फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में शामिल हैं। पेले के निधन पर फीफा के अध्यक्ष गियान्नी इन्फैंटिनो ने दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि पेले के जाने से जो खालीपन आया है, उसे भरना मुश्किल होगा। जानकारी के मुताबिक पेले के शरीर ने कीमोथेरेपी ट्रीटमेंट का जवाब देना भी बंद कर दिया था। पेले को हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पता चला कि उन्हें रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन भी है।
पेले के रहते हुए ब्राजील ने 1958, 1962 और 1970 में विश्वकप जीता था। उन्होंने ब्राजील की तरफ से 77 गोल किए। उनके इस राष्ट्रीय रिकॉर्ड की हाल में विश्वकप के दौरान नेमार ने बराबरी की थी। पेले की रोसमेरी डोस रिस चोल्बी और असिरिया सेक्सास लेमोस से शादियों से पांच बच्चे और बिना शादी के दो बेटियां हैं। बाद में उन्होंने कारोबारी मार्शिया सिबेले ओकी से शादी कर ली थी।
