देश में डेल्टा प्लस के 50 केस
देश के वैज्ञानिक आज इस वैरिएंट की स्थिति पर चर्चा करेंगे; राहुल का सरकार से सवाल- तीसरी लहर में इसे कंट्रोल करने का क्या प्लान है?
कोरोनावायरस के नए वैरिएंट डेल्टा प्लस को लेकर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। देश में अब तक इस वैरिएंट के 50 केस सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा 21 मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। दूसरे नंबर पर मध्य प्रदेश है। यहां 7 केस सामने आए हैं और 2 लोगों की मौत भी हुई है।
न्यूज एजेंसी ANI के सूत्रों के मुताबिक आज सार्स कोविड-2 जीनोमिक कंसोर्टिया की वीकली रिव्यू मीटिंग में भी डेल्टा प्लस वैरिएंट की स्थिति को लेकर चर्चा की जाएगी। इस कंसोर्टिया में 10 नेशनल लैब शामिल हैं।
डेल्टा प्लस वैरिएंट को लेकर अब विपक्ष ने सरकार को घेरना भी शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोशल मीडिया के जरिए मोदी सरकार से ये 3 सवाल पूछे हैं-
1. इसकी जांच और रोकथाम के लिए बड़े स्तर पर टेस्टिंग क्यों नहीं हो रही?
2. वैक्सीन इस पर कितनी प्रभावशाली है, पूरी जानकारी कब मिलेगी?
3. तीसरी लहर में इसे नियंत्रित करने का क्या प्लान है?
| राज्य | केस | मौतें | |
| महाराष्ट्र | 21 | 0 | |
| मध्य प्रदेश | 7 | 2 | |
| केरल | 3 | 0 | |
| तमिलनाडु | 3 | 0 | |
| कर्नाटक | 2 | 0 | |
| पंजाब | 1 | 0 | |
| जम्मू | 1 | 0 | |
(मध्य प्रदेश को छोड़ बाकी राज्यों के आंकड़े मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से हैं। यह पता नहीं चल पाया है कि बाकी 2 केस किन राज्यों में हैं।)
भारत में डेल्टा प्लस वैरिएंट को लेकर 3 राज्यों में चेतावनी
एक्सपर्ट्स का मानना है कि डेल्टा प्लस वैरिएंट भारत में कोरोना की तीसरी लहर का कारण बन सकता है। इसे देखते हुए सरकार ने दो दिन पहले महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और केरल को तैयार रहने के निर्देश भी दिए हैं। भारत में अब तक डेल्टा प्लस वैरिएंट के 50 मामले सामने आ चुके हैं।
डेल्टा-प्लस वैरिएंट क्या है?
भारत में मिले कोरोनावायरस के डबल म्यूटेंट स्ट्रेन B.1.617.2 को ही विश्व स्वास्थ्य संगठन ने डेल्टा नाम दिया है। B.1.617.2 में एक और म्यूटेशन K417N हुआ है, जो इससे पहले कोरोनावायरस के बीटा और गामा वैरिएंट्स में भी मिला था। नए म्यूटेशन के बाद बने वैरिएंट को डेल्टा+ वैरिएंट या AY.1 या B.1.617.2.1 कहा जा रहा है।
K417N म्यूटेशन वाले ये वैरिएंट्स ओरिजिनल वायरस से अधिक इंफेक्शियस हैं। वैक्सीन व दवाओं के असर को कमजोर कर सकते हैं। दरअसल, B.1.617 लाइनेज से ही डेल्टा वैरिएंट (B.1.617.2) निकला है। इसी लाइनेज के दो और वैरिएंट्स हैं- B.1.617.1 और B.1.617.3, जिनमें B.1.617.1 को WHO ने वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट (VOI) की लिस्ट में रखा है और कप्पा नाम दिया है।

