5 जुलाई को पटना लौटेंगे लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी ने मांगी RJD का स्थापना दिवस मनाने की अनुमति
पटना. राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (RJD Chief Lalu Prasad Yadav) को भी दिल्ली से पटना बुलाने की तैयारी की जा रही है. इसको लेकर डाक्टरों से विमर्श किया गया है. अगर डॉक्टरों ने इजाजत दी तो संभव है कि आगामी पांच जुलाई को लालू यादव करीब तीन साल बाद पटना में होंगे. इस बात की जानकारी स्वयं उनके बेटे व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) ने दी. तेजस्वी ने इस बात की जानकारी सोमवार को राजद विधानमंडल दल की बैठक के बाद दी.
बता दें कि चारा घोटाले के मामले में उन्हें हाल में ही जमानत मिली है. वे फिलहाल अस्वस्थ हैं और वर्तमान में वे दिल्ली में अपनी बड़ी बेटी मीसा भारती के घर पर रह रहे हैं. बता दें कि इससे पहले वे तीन साल पूर्व अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की शादी में पेरोल पर कुछ दिनों के लिए पटना आए थे.
राजद की स्थापना के 25 साल
बता दें कि आगामी 5 जुलाई को राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं. राजद की स्थापना वर्ष 1997 में लालू प्रसाद यादव ने जनता दल से अलग होकर की थी. पार्टी ने इस स्थापना दिवस को प्रदेश, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है. सोमवार को विधायक दल की बैठक के बाद तेजस्वी ने कहा कि नई पीढ़ी को राजद की स्थापना के उद्देश्य और सिद्धांतों के साथ ही 25 वर्षों के संघर्ष और उपलब्धियों के बारे में बताने की जरूरत है. राजद किसी खास जाति अथवा वर्ग की पार्टी नहीं है. यह किसी खास समुदाय की पार्टी नहीं है, बल्कि सबकी पार्टी है. विधानसभा चुनाव में इस बार हम वैसी सीटों पर भी जीते हैं, जहां 1995 में ही जीत नहीं मिली थी.
