भूपेंद्र पटेल दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने, 16 मंत्रियों ने भी ली शपथ
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में सोमवार (12 DEC, 2022) गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पटेल का यह लगातार दूसरा कार्यकाल है।
भूपेंद्र पटेल के साथ 16 अन्य ने मंत्री पद की शपथ ली है। शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नए सचिवालय के पास हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित एक समारोह में पटेल को राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलायी। हाल में संपन्न हुए गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 182 में से रिकॉर्ड 156 सीट जीती हैं. यह गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार सातवीं जीत है।

