तेजस्वी के बयान पर भड़के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा
तेजस्वी के बयान पर भड़के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, कहा- लालू परिवार जबतक बिहार की राजनीति में रहेगा बिहारी का सम्मान नहीं बढ़ेगा
झंझारपुर में अमित शाह के यह कहने पर कि लालटेन युग खत्म हो गया है, इसपर तेजस्वी ने कहा कि कि देश से मोदी युग समाप्त हो गया है। तेजस्वी के इस बयान पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव अपनी बोली से सिर्फ हवा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। जमीनी हकीकत यही है कि जिस जातीय उन्माद को इन लोगों ने हवा दिया था वह फेल कर गया। उनके समाज के लोग भी अब उनकी बातों पर विश्वास नहीं करते हैं।
विजय सिन्हा ने कहा कि दो बार डिप्टी सीएम रह चुके लेकिन इनके पास कोई विजन नहीं है। इनके द्वारा बिहार में कोई ऐसा काम नहीं किया गया कि बिहार का सम्मान देश के अंदर बढ़ सके। तेजस्वी यादव परिवारवादी जमींदारी व्यवस्था लाना चाहते हैं । जनता की गाढ़ी कमाई को लूटकर ऐस करना चाहते हैं। ऐसे लोगों के बातों पर कोई विश्वास नहीं कर सकता है।
लालू प्रसाद द्वारा पासी समाज की समस्या का समाधान करने का दावा करने पर विजय सिन्हा ने कहा कि लालू प्रसाद 15 साल सरकार में रह चुके और अब चला चली की बेला में वे धृतराष्ट्र बनकर पुत्र मोह में जनता को कितना झूठा आश्वासन देंगे। लालू प्रसाद अंतिम समय तो सच बोल दें कि बिहार और बिहारियों की बर्बादी और अपमान के लिए वे दोषी हैं और उन्हें लोगों से क्षमा मांगना चाहिए। लालू परिवार जबतक बिहार की राजनीति में रहेगा बिहारी का सम्मान नहीं बढ़ेगा।
