नीतीश कुमार ने राज्यपाल राजेन्द्र अर्लेकर को अपना त्यागपत्र सौंपा,आज शाम पांच बजे सीएम पद की शपथ लेंगे नीतीश कुमार
PATNA:बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा कदम उठाते हुए रविवार (28 जनवरी) को पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने जेडीयू विधायक दल की बैठक के बाद राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा. इसके साथ ही बिहार में आरजेडी, जेडीयू, कांग्रेस, और लेफ्ट का गठबंधन टूट गया. अब नीतीश कुमार बीजेपी के समर्थन से सरकार बनाने का दावा करेंगे.इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि वहां सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था. डेढ़ साल तक चलने वाले गठबंधन में स्थिति ठीक नहीं थी, कुछ काम ही नहीं हो रहा था. मैं एक नए गठबंधन की दिशा में कदम बढ़ा रहा हूँ.
राजभवन में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं. आज शाम को ही जदयू-बीजेपी की नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा. इसके बाद उन्होंने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा. आपको बता दें कि इस्तीफा सौंपने से पहले JDU विधायक दल की बैठक को संबोधित किया। जदयू-भाजपा की नई सरकार में एनडीए के मौजूदा घटक दल ‘हम’ के शामिल होने के पूरे आसार हैं। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पटना आ रहे हैं।
इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि स्थिति अभी ठीक नहीं लग रही थी। जिसकी वजह से इस्तीफा दिया है। हमने अपनी पार्टी से राय लेकर के कदम उठाया है। नीतीश ने कहा कि महागठबंधन की सरकार में बहुत सारी दिक्कतें थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नीतीश कुमार को फोन कर बधाई दी है।
नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है. उनके साथ बीजेपी नेता सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी साथ रहे. नई सरकार में नीतीश कुमार सीएम होंगे. सूत्रों ने बताया कि सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम होंगे.
रोहिणी आचार्य का नीतीश कुमार पर निशाना
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार पर तंज कसा है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘कूड़ा गया फिर से कूड़ेदानी में.कूड़ा – मंडली को बदबूदार कूड़ा मुबारक.” सूत्रों ने बताया कि बिहार बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा नई सरकार में डिप्टी सीएम होंगे.
कांग्रेस का नीतीश का वार
कांग्रेस ने नीतीश कुमार पर बड़ा हमला किया है. जयराम रमेश ने कहा कि बार-बार राजनीतिक साझेदार बदलने वाले नीतीश कुमार रंग बदलने में गिरगिटों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं. इस विश्वासघात के विशेषज्ञ और उन्हें इशारों पर नचाने वालों को बिहार की जनता माफ़ नहीं करेगी. बिलकुल साफ़ है की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से प्रधानमंत्री और भाजपा घबराए हुए हैं और उससे ध्यान हटाने के लिए यह राजनीतिक ड्रामा रचा गया है.
8 नेता लेंगे मंत्री पद की शपथ
बिहार की एनडीए की सरकार में कुल 8 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे. सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, प्रेम कुमार, विजेंद्र यादव, विजय चौधरी, श्रवण कुमार, संतोष कुमार सुमन और सुमित कुमार सिंह शपथ लेंगे. नीतीश कुमार की नई सरकार का शाम 5 बजे शपथ हो सकता है.
